गर्भपात के दौरान अत्यधिक रक्तस्त्राव से 24 वर्षीय महिला की मौत, पति समेत चार गिरफ्तार

धनबाद : जिले में गर्भपात कराने के बाद अत्यधिक रक्तस्त्राव से 24 वर्षीय महिला किरण कुमारी की मौत हो गई। आरोप है कि उसके ससुराल वालों ने गर्भ में पल रहे बच्चे का अवैध रूप से लिंग परीक्षण कराया था। जांच में बच्ची होने की जानकारी मिलने के बाद कथित तौर पर जबरन गर्भपात कराने का फैसला लिया गया। महिला के परिजनों के अनुसार, उसका पति और ससुराल वाले बेटे की उम्मीद कर रहे थे।


जानकारी के मुताबिक, श्यामडीह स्थित सेंट्रल डायग्नोस्टिक सेंटर में लिंग जांच के बाद किरण को एक निजी क्लिनिक ले जाया गया था। गर्भपात की प्रक्रिया के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई और काफी खून बहने लगा। इसके बाद उसे निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में पुलिस को गर्भपात गलत तरीके से किए जाने और उस समय किसी योग्य विशेषज्ञ के मौजूद नहीं होने की जानकारी मिली है।
किरण के पिता राजेंद्र कुमार केवट ने आरोप लगाया कि पति सोनू केवट और अन्य ससुराल वालों ने उसे लिंग परीक्षण कराने के लिए राजी किया था और बच्ची होने की जानकारी मिलने पर जबरन गर्भपात कराया गया। एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में पति सोनू केवट, सेंट्रल डायग्नोस्टिक सेंटर के संचालक सचिन कुमार केवट, कर्मचारी विजय गोस्वामी और शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल से जुड़ी नर्स सुलोचना देवी को गिरफ्तार किया है।


