वाइन शॉप में घुसी गर्भवती बंदरिया, शराब पीकर कार्टन पर सोने का वीडियो वायरल

ओरमांझी : रांची से कुछ ही दूर ओरमांझी की एक वाइन शॉप में शराब पीने के बाद नशे में सोती बंदरिया का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।घटना गुरुवार रात की बताई जा रही है। खबर के अनुसार, आंधी और बारिश के दौरान भटकती हुई एक बंदरिया ओरमांझी ब्लॉक के शास्त्री चौक स्थित कंपोजिट न्यू वाइन शॉप में घुस गई। कर्मियों ने उसे बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। बताया गया कि बंदरिया गर्भवती थी, इसलिए कर्मियों ने उसे अधिक परेशान नहीं किया।

इसी दौरान बंदरिया ने दुकान में रखी शराब की एक बोतल उठा ली और दांत से उसका ढक्कन नोचकर शराब पी ली। इसके बाद वह नशे में वहीं रखे कार्टन पर सो गई। वायरल वीडियो में बताया जा रहा है कि सुबह दुकान खोलने पर बंदरिया अंदर ही सोती मिली। बोतलों की जांच करने पर एक बोतल खुली मिली और दावा किया गया कि बंदरिया ने पूरी बोतल खाली कर दी थी। दुकानदार ने नशे में सो रही बंदरिया का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया।
सूचना मिलने पर भगवान बिरसा जैविक उद्यान की टीम वाइन शॉप पहुंची और बंदरिया को रेस्क्यू कर उद्यान ले गई। फिलहाल उसे विशेष देखरेख में क्वारंटाइन कर अस्पताल में रखा गया है और जू के चिकित्सक उसकी निगरानी कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि दुकान में घुसने से पहले बंदरिया ने कर्मी रमाशंकर तिवारी को घायल भी कर दिया था।


