हावड़ा-मुंबई मेल में पावर बैंक फटने से मची अफरा-तफरी, 7 मिनट रुकी ट्रेन

जमशेदपुर : हावड़ा-मुंबई मेल में एक यात्री का पावर बैंक फटने से कोच में अफरा-तफरी मच गयी. घटना के बाद ट्रेन को बंडामुंडा-राउरकेला के बीच करीब 7 मिनट तक रोकना पड़ा. सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे मोबाइल चार्ज करने वाला पावर बैंक अचानक फट गया, जिससे धुआं निकलने लगा. जानकारी के अनुसार, मुंबई से हावड़ा जाने वाली डाउन मुंबई-हावड़ा मेल शनिवार सुबह करीब 3:38 बजे बंडामुंडा इलेक्ट्रिक शेड के पास डाउन लाइन के किलोमीटर संख्या 408/26 पर पहुंची थी. इसी दौरान बी-3 कोच में बर्थ संख्या 6 पर रखे पावर बैंक में विस्फोट हुआ.


पावर बैंक फटने के बाद घना धुआं उठने लगा, जिससे कोच में लगा ऑटोमैटिक फायर अलार्म सिस्टम सक्रिय हो गया. अलार्म की तेज आवाज से यात्रियों की नींद खुल गयी और कोच में चीख-पुकार के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गयी. रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्थिति पर काबू पाया और आग को फैलने से रोक लिया. शुरुआती जांच में स्पष्ट हुआ कि ट्रेन में चेन पुलिंग नहीं हुई थी, बल्कि धुएं के संपर्क में आने से ऑटोमैटिक सिस्टम सक्रिय हुआ था.
घटना में किसी के घायल होने या अन्य नुकसान की सूचना नहीं है. स्थिति सामान्य होने के बाद करीब 7 मिनट के ठहराव के पश्चात ट्रेन को दोबारा रवाना कर दिया गया. पावर बैंक में विस्फोट का सामना करने वाले यात्री को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर दूसरी बर्थ उपलब्ध करायी गयी, ताकि वह अपनी आगे की यात्रा पूरी कर सके. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से ट्रेन में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और बैटरियों के इस्तेमाल के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है.


