जेटेट 2026: 39,060 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, 93 केंद्रों पर होगी तैयारी

जमशेदपुर : झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) 2026 का आयोजन एक नवंबर को किया जायेगा. पूर्वी सिंहभूम जिले में 39,060 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे, जिनके लिए 93 परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं. परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी. करीब 10 साल के लंबे इंतजार के बाद हो रही इस परीक्षा को कदाचारमुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं. शनिवार को आयोजित राज्यस्तरीय कार्यशाला में विभिन्न जिलों के शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया. झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है.


जैक की विज्ञप्ति संख्या 62/2026 के अनुसार, पहली पाली में कक्षा छह से आठ तक के अभ्यर्थियों की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी. दूसरी पाली में कक्षा एक से पांच तक के अभ्यर्थी दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक परीक्षा देंगे. अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पहुंचना होगा. परीक्षा शुरू होने के 30 मिनट बाद मुख्य द्वार बंद कर दिया जायेगा और इसके बाद प्रवेश नहीं मिलेगा. एडमिट कार्ड जारी कर दिया गया है, जिसे जैक की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड करना होगा. केंद्र पर एडमिट कार्ड के साथ आधार कार्ड या कोई अन्य मूल पहचान पत्र ले जाना अनिवार्य है. इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी. निर्धारित शर्तें पूरी करने वाले दृष्टिबाधित और सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित अभ्यर्थी आवश्यक प्रमाण पत्र व दस्तावेज जमा कर श्रुतलेखक (स्क्राइब) की सुविधा ले सकते हैं.
परीक्षा में निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों वाले स्कूलों और कॉलेजों को प्राथमिकता दी गयी है. केंद्रों पर लाइव निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जायेगी. जिलों के उपायुक्तों को 29 अक्तूबर तक केंद्राधीक्षकों के साथ बैठक कर निर्देश देने को कहा गया है. उड़न दस्ते और पर्यवेक्षकों की टीमें भी गठित की जायेंगी. ओएमआर शीट और अन्य दस्तावेजों को सुरक्षित भेजने के लिए इस्तेमाल की गयी ओएमआर शीट लाल कपड़े में, बिना इस्तेमाल की गयी ओएमआर शीट सफेद कपड़े में और उपस्थिति पत्रक हरे कपड़े में बांधकर राज्य मुख्यालय भेजे जायेंगे. झारखंड में पिछली जेटेट परीक्षा वर्ष 2016 में हुई थी. करीब एक दशक बाद आयोजित हो रही इस परीक्षा को लेकर राज्य के विभिन्न जिलों में तैयारियां तेज कर दी गयी हैं.


