मेढ़िया गांव में नशाखोरी और अड्डेबाजी पर रोक, उल्लंघन पर जुर्माने की चेतावनी

मुसाबनी : पूर्वी सिंहभूम जिले के मुसाबनी प्रखंड स्थित मेढ़िया गांव में सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी और अड्डेबाजी रोकने के लिए ग्राम सभा ने सख्त निर्णय लिया है. ग्राम प्रधान प्रसेनजीत हांसदा की अध्यक्षता में शनिवार को हुई बैठक में गांव के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर ऐसी गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया गया. इसके तहत विभिन्न स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाये गये हैं. ग्राम सभा ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सामाजिक स्तर पर कार्रवाई करने और आर्थिक जुर्माना लगाने की चेतावनी दी है.

ग्राम सभा के निर्णय के अनुसार, पुनडुंगरी, जाहेरगाजाड़, फुटबॉल मैदान, स्कूल मैदान और घाघरा टोला दाडाग घाट के आसपास नशा करने और अड्डेबाजी करने पर रोक रहेगी. इन सार्वजनिक स्थानों पर प्रेमिका के साथ बैठने या समय बिताने पर भी प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया है. नियमों की जानकारी देने के लिए जाहेरगाढ़ जाने वाले रास्ते समेत अन्य प्रमुख स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाये गये हैं.
बैठक में वक्ताओं ने युवाओं के बीच बढ़ती नशाखोरी और सार्वजनिक स्थलों पर अड्डेबाजी को लेकर चिंता जतायी. उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियों का सामाजिक वातावरण और युवा पीढ़ी पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है. ग्राम सभा ने स्पष्ट किया कि इस पहल का उद्देश्य गांव के सामाजिक ताने-बाने, परंपरा, संस्कृति और मर्यादा को सुरक्षित रखना है. साथ ही ग्रामीणों से सामाजिक नियमों का पालन करने और गांव में बेहतर माहौल बनाने में सहयोग करने की अपील की गयी है.


