पत्थर खदान में मिला महिला का शव, इलाके में सनसनी

पटमदा : कमलपुर थाना क्षेत्र के ओड़िया पंचायत अंतर्गत लायाडीह गांव स्थित पत्थर खदान में शुक्रवार सुबह एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद कमलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को खदान से बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। हालांकि, दोपहर करीब डेढ़ बजे तक शव को बाहर नहीं निकाला जा सका था।

खदान में पानी भरा हुआ है और स्थानीय लोगों के मुताबिक महिला का शव पानी की सतह पर दिखाई दे रहा था। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के गांवों से सैकड़ों ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। इस दौरान ग्रामीणों में आक्रोश भी देखा गया। पुलिस शव को बाहर निकालने के प्रयास में जुटी रही।फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका भी पता नहीं चल पाया है।


