सम्मान-पत्र बांटने के तरीके पर एतराज, आंदोलनकारियों के लिए विशेष समारोह की मांग

जमशेदपुर : झारखंड आंदोलनकारी दिल बहादुर ने शुक्रवार को पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर आंदोलनकारियों के सम्मान-पत्र वितरण की प्रक्रिया पर आपत्ति जताई। उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी कार्यालयों में जाति या आय प्रमाण-पत्र की तरह सम्मान-पत्र बांटे जाने पर रोक लगाने की मांग की और इसे आंदोलनकारियों के आत्मसम्मान व बलिदान का अपमान बताया।


दिल बहादुर ने कहा कि यह कोई सामान्य प्रशासनिक प्रमाण-पत्र नहीं, बल्कि आंदोलनकारियों के जीवनभर के संघर्ष, जेल-यातना और त्याग की सरकारी स्वीकृति है। उन्होंने जिला प्रशासन से विशेष सम्मान समारोह आयोजित करने की मांग की, जिसमें वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में प्रत्येक आंदोलनकारी को मंच पर सम्मानित किया जाए। साथ ही केंद्रीय या जिला स्तर पर आंदोलन का नेतृत्व करने वालों के योगदान का भी विशेष उल्लेख हो।
उन्होंने बुजुर्ग और वरिष्ठ आंदोलनकारियों के लिए विशेष प्रोटोकॉल बनाने की भी मांग की, ताकि उन्हें दफ्तरों के चक्कर काटने, घंटों इंतजार करने या कतार में खड़े होने से राहत मिले। ज्ञापन की प्रतियां राज्यपाल, मुख्यमंत्री और प्रधान सचिव (गृह) को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई हैं।


