अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती की संदिग्ध मौत पर हाईकोर्ट सख्त, 6 दिसंबर तक मांगी जांच रिपोर्ट

रांची/हजारीबाग : हजारीबाग की अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती की संदिग्ध मौत के मामले में झारखंड हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। न्यायमूर्ति रंगन मुखोपाध्याय की अदालत ने मामले की जांच कर रहे डीएसपी को 6 दिसंबर तक अद्यतन जांच रिपोर्ट और केस डायरी पेश करने का निर्देश दिया है। अदालत ने पुलिस से यह भी पूछा है कि अब तक इस मामले में कितनी गिरफ्तारियां हुई हैं। सुनवाई के दौरान डीएसपी की ओर से रिपोर्ट तैयार करने के लिए समय मांगा गया, जिसे स्वीकार करते हुए अदालत ने अगली सुनवाई में जांच अधिकारी को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का आदेश दिया।

मृतका के भाई देवजीत चक्रवर्ती की आपराधिक रिट याचिका पर अधिवक्ता विकास कुमार ने पुलिस की जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने अदालत को बताया कि तीन घंटे के भीतर शव का दो बार पोस्टमार्टम कराया गया था। इसके अलावा शव पर चोट के निशान होने और पैर जमीन से सटे रहने का हवाला देते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की गई। याचिका में अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने का मुद्दा भी उठाया गया। गौरतलब है कि बड़ा बाजार थाना क्षेत्र के गुप्ता कॉम्प्लेक्स स्थित एक फ्लैट में अनुष्का का शव मिला था। उन्होंने करीब तीन साल पहले प्रेम विवाह किया था और पति के साथ रहती थीं। उनके पिता सुनील कुमार चक्रवर्ती ने पति और ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है।


