पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक के निधन से शोक, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी श्रद्धांजलि






रांची : झारखंड के पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक के निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा शोक व्यक्त किया। मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन विधानसभा पहुंचे, जहां उन्होंने मन्नान मल्लिक के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने मरांग बुरु से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार, समर्थकों और शुभचिंतकों को इस कठिन समय में धैर्य व शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।


मुख्यमंत्री ने कहा कि मन्नान मल्लिक लंबे समय तक जनसेवा और सार्वजनिक जीवन से जुड़े रहे तथा उन्होंने विशेष रूप से धनबाद की जनता की आवाज को मजबूती से उठाया। उनके निधन को राज्य के लिए एक अपूरणीय क्षति बताते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड ने एक अनुभवी जनप्रतिनिधि और सामाजिक सरोकारों से जुड़े नेता को खो दिया है। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री और कल्पना सोरेन ने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उल्लेखनीय है कि मन्नान मल्लिक पिछले कुछ समय से बीमार थे और सोमवार सुबह रांची के एक निजी अस्पताल में उनका निधन हो गया।


