रथ यात्रा को लेकर ट्रैफिक अलर्ट, 2 बजे से नो एंट्री और कई रूट डायवर्ट



जमशेदपुर : भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने 16 जुलाई के लिए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए दोपहर 2 बजे से रात 11 बजे तक भारी वाहनों की नो एंट्री लागू रहेगी। उपायुक्त राजीव रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब और यातायात डीएसपी नीरज ने संयुक्त आदेश जारी करते हुए लोगों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। रथ यात्रा के दौरान बिष्टुपुर मेन रोड सामान्य वाहनों के लिए पूरी तरह बंद रहेगा।


वोल्टास से रीगल गोलचक्कर तक दोनों लेन बंद रहेंगी। वोल्टास से साकची जाने वाले वाहन खरकई रोड, मैला टंकी, तुलसी भवन, सोनेट होटल, धतकीडीह, लोयोला स्कूल और जुबली पार्क होकर जाएंगे। साकची से जुगसलाई जाने वाले वाहन रीगल गोलचक्कर, तुलसी भवन, मैला टंकी, खरकई और वोल्टास गोलचक्कर से गुजरेंगे। गोलमुरी से साकची और बिष्टुपुर आने वाले वाहनों को जेएनएसी चौक, नया रोड और करीम सिटी कॉलेज गोलचक्कर होकर जाना होगा, जबकि मानगो से बिष्टुपुर और जुगसलाई जाने वाले वाहन मरीन ड्राइव मार्ग का उपयोग करेंगे। रथ यात्रा बड़े हनुमान मंदिर से मानगो चौक और डिमना चौक की ओर बढ़ने के दौरान भी विभिन्न स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा।
सुंदरनगर से साकची और बिष्टुपुर आने वाले वाहनों को करणडीह चौक, घाघीडीह जेल, पानी टंकी, मजार, केंद्रीय विद्यालय, चाईबासा बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन वाले वैकल्पिक मार्ग से भेजा जाएगा। दोपहिया वाहन मंदिर के पास वाली गली से होकर इसी रूट का उपयोग करेंगे। प्रशासन ने बताया कि रथ यात्रा समाप्त होने के बाद शहर में पूर्व निर्धारित नो एंट्री व्यवस्था फिर से लागू कर दी जाएगी।


