एक रात में 9 दुकानों में चोरी से हड़कंप, भाजपा ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल






जमशेदपुर : शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज मामलों को लेकर सोमवार को सांसद विद्युत वरण महतो और भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपते हुए शहर में हत्या, लूट, चोरी और छिनतई की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताई तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और निष्पक्ष जांच की मांग की।


प्रतिनिधिमंडल ने मानगो डिमना रोड पर एक ही रात नौ दुकानों में हुई चोरी का उल्लेख करते हुए अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की। साथ ही 3 जुलाई को हुए शांतिपूर्ण जमशेदपुर बंद के दौरान टेल्को थाना में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर दर्ज प्राथमिकी को निराधार बताते हुए उसकी निष्पक्ष समीक्षा कर संबंधित धाराएं हटाने की मांग की। कन्हैया यादव हत्याकांड के बाद सड़क जाम समाप्त कराने पहुंचे जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू के साथ मौजूद भाजपा नेताओं पर दर्ज मुकदमा वापस लेने की भी मांग रखी गई। इस पर एसएसपी ने सभी बिंदुओं की निष्पक्ष जांच कराने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने का आश्वासन दिया।


