ब्राउन शुगर पर पुलिस का बड़ा एक्शन, मां-बेटों समेत चार तस्कर गिरफ्तार



जमशेदपुर : शहर में ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने सीतारामडेरा और उलीडीह थाना क्षेत्र में अलग-अलग छापेमारी कर कुल 88 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की है। इस कार्रवाई में एक महिला, उसके दो बेटों (जिनमें एक नाबालिग है) और एक अन्य युवक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब दोनों मामलों में मादक पदार्थ के मुख्य सप्लायर और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।

सीतारामडेरा के इंद्रानगर स्थित एक घर से 38 पुड़िया ब्राउन शुगर (कुल 4.32 ग्राम) बरामद की गई। इस मामले में भारती कैबर्तो, उसके पुत्र विशाल कैबर्तो और एक नाबालिग बेटे को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, भारती पहले भी छह बार और विशाल दो बार ब्राउन शुगर की तस्करी के मामलों में जेल जा चुके हैं। वहीं उलीडीह थाना क्षेत्र के एनएच-33 स्थित सुवर्णरेखा आवासीय शिविर के पास से गालूडीह निवासी आशीष विशोई को 50 पुड़िया ब्राउन शुगर (कुल 2.48 ग्राम) के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह ब्राउन शुगर आदित्यपुर से लाकर बेचता था और कभी-कभी सीतारामडेरा से भी इसकी खरीद करता था। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


