नौकरी छोड़ने के बाद कर्मचारी का वेतन और फुल एंड फाइनल भुगतान रुका, श्रम विभाग में शिकायत

जमशेदपुर : साकची स्थित नरभेराम टीवीएस शोरूम की बेक ऑफिस शाखा में कार्यरत रहे कर्मचारी प्रीतम कुमार सिन्हा ने कंपनी पर मई 2026 का वेतन और फुल एंड फाइनल सेटलमेंट रोकने का आरोप लगाया है। प्रीतम कुमार सिन्हा मार्च 2023 से कंपनी में काम कर रहे थे और उन्होंने 8 जून 2026 से नौकरी छोड़ने की पूर्व सूचना कंपनी को दे दी थी। इसके बावजूद उनका बकाया भुगतान अब तक नहीं किया गया है।


कर्मचारी का कहना है कि उन्होंने मौखिक और लिखित ईमेल के माध्यम से वेतन तथा फुल एंड फाइनल सेटलमेंट जारी करने का कई बार आग्रह किया। नियम के अनुसार नौकरी छोड़ने के बाद निर्धारित अवधि में अंतिम भुगतान किया जाना चाहिए, लेकिन कंपनी की ओर से कोई स्पष्ट जवाब या भरोसा नहीं मिला। आर्थिक परेशानी बढ़ने के बाद उन्होंने केंद्रीयकृत लोक शिकायत निवारण एवं निगरानी पोर्टल के माध्यम से झारखंड के मुख्य श्रम आयुक्त के पास शिकायत दर्ज कराई है।
प्रीतम कुमार सिन्हा ने बताया कि कंपनी में आने का पंचिंग समय तय था, जबकि छुट्टी का समय निर्धारित नहीं था। उनके अनुसार अतिरिक्त काम के बावजूद ओवरटाइम का भुगतान भी नहीं किया जाता था। कंपनी की ह्यूमन रिसोर्स मैनेजर संगीता मंडल का कहना है कि मुख्य श्रम आयुक्त की ओर से नोटिस मिलने पर कंपनी उसका जवाब देगी।


