डॉ. समीर मौत मामले में नया दावा, पिता ने डॉ. यश समेत अन्य पर हत्या का आरोप लगाया



जमशेदपुर : एमजीएम मेडिकल कॉलेज के इंटर्न डॉ. समीर कुमार की मौत के मामले में बुधवार को नया मोड़ सामने आया है। मृतक के पिता अजय कुमार लाल ने पूर्वी सिंहभूम के ग्रामीण पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर डॉ. यश एवं उनके अन्य साथियों पर पुत्र की हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपितों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


आवेदन में अजय कुमार लाल ने दावा किया है कि घटना से एक दिन पहले डॉ. समीर और डॉ. यश के बीच विवाद हुआ था। उनके अनुसार, 23 जुलाई की रात ड्यूटी समाप्त होने के बाद डॉ. यश कथित तौर पर डॉ. समीर को अपने साथ डिमना लेक ले गया, जहां पहले से मौजूद अन्य लोगों के साथ मिलकर उनकी हत्या कर दी गई और शव तालाब में फेंक दिया गया।
मृतक के पिता ने अपने आवेदन में सभी आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आवेदन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, पुलिस महानिरीक्षक (आईजी), डीआईजी तथा वरीय पुलिस अधीक्षक को भी भेजी है। मामले में पुलिस की ओर से आगे की जांच जारी है।


