JPSC गड़बड़ी मामले में CID की सख्त पूछताछ, दूसरे दिन फिर पहुंचे पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते



रांची : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच तेज हो गई है। मामले में पूछताछ के लिए पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते बुधवार को लगातार दूसरे दिन CID कार्यालय पहुंचे। अधिकारियों ने उनसे कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सवाल किए और संबंधित दस्तावेजों का मिलान किया। इससे पहले मंगलवार को भी उनसे करीब आठ घंटे तक पूछताछ हुई थी। इस दौरान उनका पासपोर्ट जब्त किए जाने की खबर सामने आई, हालांकि CID ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।


पूछताछ में एसआईटी ने ब्लैकलिस्टेड कंपनी के चयन, टीडीपीएल के मार्केटिंग मैनेजर एवं वर्तमान खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी अभय तिवारी से संबंध, तथा तबादले के बाद भी उप परीक्षा नियंत्रक श्वेता गुप्ता के JPSC में बने रहने जैसे मुद्दों पर सवाल किए। बताया गया कि खियांग्ते ने अधिकांश सवालों के जवाब में प्रक्रिया को नियमों के अनुरूप बताया। इस मामले में अब तक श्वेता गुप्ता समेत 10 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और पांच आरोपियों से रिमांड पर पूछताछ जारी है। इससे पहले CID ने खियांग्ते के सरकारी आवास, JPSC कार्यालय और टीडीपीएल के दफ्तर से भी जांच से जुड़े दस्तावेज जब्त किए थे।


