पर्यावरण बचाने की बड़ी पहल, नए सोलर प्लांट से हर साल 3375 टन कार्बन उत्सर्जन होगा कम



जमशेदपुर : पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए बिष्टुपुर स्थित नरभेराम हंसराज इंग्लिश स्कूल में 150 किलोवाट क्षमता का सोलर पावर प्लांट शुरू किया गया है। विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस के अवसर पर स्कूल के अध्यक्ष नकुल कमानी ने इसका उद्घाटन किया। यूनिवर्सल एनर्जी द्वारा तैयार यह परियोजना उच्च दक्षता वाली टॉपकॉन तकनीक और वारी सोलर पैनलों से विकसित की गई है तथा इसे शहर की प्रमुख सोलर परियोजनाओं में शामिल माना जा रहा है। यह प्लांट टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड की नेट मीटरिंग योजना के तहत संचालित होगा, जिससे अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजी जाएगी और उसका लाभ स्कूल के बिजली बिल में मिलेगा।


इस सोलर प्लांट से हर वर्ष लगभग 3,375 टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में कमी आएगी, जो करीब 3,835 पेड़ों को संरक्षित करने के बराबर मानी जाती है। स्कूल प्रबंधन के अनुसार इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक नहीं, बल्कि व्यवहारिक रूप से भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक बनाना है। इस अवसर पर स्कूल परिसर में पौधरोपण अभियान भी चलाया गया, जिसमें छठी कक्षा के विद्यार्थियों ने औषधीय पौधे लगाए, जबकि 12वीं के छात्रों ने विभिन्न प्रजातियों के पेड़ लगाकर हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया।


