आदित्यपुर में ब्राउन शुगर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 7.59 लाख रुपये नकद और 20 पुड़िया बरामद, एक गिरफ्तार

आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के नए पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के नेतृत्व में नशे के कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। आदित्यपुर थाना क्षेत्र की मुस्लिम बस्ती में छापेमारी के दौरान पुलिस ने ब्राउन शुगर की 20 पुड़िया और 7 लाख 59 हजार 650 रुपये नकद बरामद किए। कार्रवाई के दौरान ब्राउन शुगर तस्कर जावेद अंसारी उर्फ लालू के घर पर छापेमारी की गई, लेकिन वह मौके से फरार हो गया।


पुलिस के अनुसार, छत पर नकदी की गिनती कर रहा एक व्यक्ति भागने का प्रयास कर रहा था, जिसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से ब्राउन शुगर बरामद हुई। पूछताछ में उसने इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी बताए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जुगसलाई के गायत्री नवजीवन कॉलोनी निवासी आजाद अंसारी के रूप में हुई है।
मामले में पुलिस ने इमरान, जावेद अंसारी उर्फ लालू, रशीदा खातून, विपुल कर्मकार, रोहित कर्मकार और प्रकाश पटेल समेत छह अन्य आरोपियों को नामजद किया है। सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि जिले में ब्राउन शुगर और अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान को और तेज किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा कारोबारियों के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


