चक्रवात ‘अर्नब’ की आशंका, झारखंड में NDRF तैनात; अस्पताल अलर्ट

जमशेदपुर : चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के संभावित खतरे और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए झारखंड में आपदा प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी गयी हैं। जमशेदपुर, सरायकेला-खरसावां, रांची, बोकारो और धनबाद समेत राज्य के कई जिलों में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की तैनाती की गयी है। आपदा प्रबंधन विभाग के मंगलवार को जारी आदेश के अनुसार, 28 से 30 अक्तूबर तक चार क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों के लिए टीमें भेजने का निर्देश दिया गया है। मुख्यालय स्तर पर भी एक टीम रिजर्व रखी गयी है।


पूर्वी सिंहभूम जिले में स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है। एमजीएम और सदर अस्पताल में डॉक्टरों, नर्सों तथा पैरामेडिकल स्टाफ की रोस्टर ड्यूटी तय की गयी है। सर्जिकल, ऑर्थोपेडिक और मेडिसिन विभाग में अतिरिक्त बेड सुरक्षित रखे गये हैं तथा इमरजेंसी में जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गयी है। सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल और एमजीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. बलराम झा के अनुसार, बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति से निपटने के लिए जेनरेटर सेटों की जांच और डीजल का भंडारण किया गया है, ताकि आइसीयू, एनआइसीयू और ऑपरेशन थियेटर की सेवाएं जारी रह सकें। ग्रामीण और निचले इलाकों में 108 एंबुलेंस सेवा को भी सक्रिय रखा गया है।
झारखंड को दक्षिणी, मध्य, उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों में बांटकर आपदा प्रबंधन की तैयारी की गयी है। दक्षिणी क्षेत्र में पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां; मध्य क्षेत्र में रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद; उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार; जबकि उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज शामिल हैं। सिविल सर्जन कार्यालय की बैठकें स्थगित कर दी गयी हैं और कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम में सुरक्षित स्थानों पर रहने और उफनते नदी-नालों से दूर रहने की अपील की है।


