मायके से पैसे लाने का दबाव, विरोध पर मारपीट और जान से मारने की धमकी; पत्नी ने पति के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत

बहरागोड़ा : थाना क्षेत्र के डोमजुड़ी गांव की देवश्री भुइया ने अपने पति प्रत्याशु भुइया पर मारपीट, मानसिक प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला ने बहरागोड़ा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कर पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


शिकायत के अनुसार देवश्री की शादी वर्ष 2024 में पश्चिम बंगाल के गोपीबल्लवपुर निवासी प्रत्याशु भुइया से हुई थी। महिला का आरोप है कि पिछले कुछ महीनों से पति उसके साथ मारपीट कर रहा है और मायके से पैसे लाने का दबाव बना रहा है। मांग पूरी नहीं होने पर दुर्व्यवहार और मानसिक प्रताड़ना किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
महिला ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। शिकायत मिलने के बाद बहरागोड़ा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तथ्यों की पड़ताल के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


