दो बच्चों की मौत के मामले में मां गिरफ्तार, पुलिस के सामने हत्या कबूलने का दावा

पलक्कड़ : केरल के पलक्कड़ जिले के मेनोनपारा स्थित कोझिनजामपारा में किराए के मकान से 5 साल की जेनिफर जूलियट और उसके 3 साल के भाई रोबिन के शव पानी के टब से मिलने के मामले में पुलिस ने उनकी मां निवेद्या को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। शुरुआत में निवेद्या ने पुलिस को बताया था कि वह काम में व्यस्त थी और दोनों बच्चे खेलते हुए टब में गिर गए। हालांकि, बच्चों के पिता और पड़ोसियों के शक के बाद पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई।


पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के बाद निवेद्या ने दोनों बच्चों की हत्या की बात कबूल की। कोझिनजामपारा पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी के मुताबिक महिला ने कहा कि वह पढ़ाई और मॉडलिंग में करियर बनाना चाहती थी तथा स्वतंत्र रूप से जीवन जीने की इच्छा रखती थी। पुलिस का दावा है कि उसने बच्चों को अपनी राह में बाधा मानने की बात कही।
पुलिस ने महिला का कथित कबूलनामा दर्ज कर लिया है, लेकिन मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है ताकि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा सके।


