राजा वडिंग ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा, नए चेहरे की घोषणा जल्द

पंजाब : विधानसभा चुनाव 2027 से पहले पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन की तैयारी है। सूत्रों के अनुसार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है और पार्टी अगले एक-दो दिन में उनके उत्तराधिकारी के नाम की घोषणा कर सकती है। पूर्व मंत्री विजय इंदर सिंगला को अध्यक्ष पद का प्रमुख दावेदार बताया जा रहा है, जबकि परगट सिंह और गुरदासपुर के सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा के नाम भी चर्चा में हैं।


राजा वडिंग ने अप्रैल 2022 में पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कमान संभाली थी और 2024 में लुधियाना से सांसद चुने गए। पार्टी में राजा वडिंग और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी से जुड़े खेमों के बीच मतभेद की खबरें सामने आती रही हैं। 1 जुलाई को पार्टी ने वडिंग को अध्यक्ष बनाए रखने और चन्नी को चुनाव प्रचार समिति का प्रमुख बनाए रखने का फैसला किया था। सितंबर में भूपेश बघेल की जगह सचिन पायलट को पंजाब का पार्टी प्रभारी बनाया गया।
कांग्रेस हाईकमान ने अब प्रदेश संगठन में बदलाव का फैसला किया है। सूत्रों के मुताबिक विजय इंदर सिंगला, परगट सिंह और सुखजिंदर सिंह रंधावा सहित कई नाम नए अध्यक्ष के लिए चर्चा में हैं। पंजाब में विधानसभा चुनाव 2027 की शुरुआत में होने हैं।


