नकाबपोश महिला ने वृद्धा की आंख में स्प्रे किया, कंगन छीनने की कथित कोशिश

जमशेदपुर : धतकीडीह बड़ी मस्जिद के पास एक अपार्टमेंट में शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे अकेली वृद्ध महिला यासमीन निगार के घर में घुसकर कथित लूट की कोशिश का मामला सामने आया है। परिजनों के अनुसार, उनके पति जुमा की नमाज के लिए बाहर गए थे और यासमीन घर में अकेली थीं। आरोप है कि एक नकाबपोश महिला चाबी की मदद से दरवाजा खोलकर अंदर घुसी और यासमीन पर पहले मिर्च पाउडर का घोल डाला, फिर उनकी आंख में स्प्रे कर दिया। इसके बाद आरोपी ने उनके हाथ से दो कंगन छीनने की कोशिश की। वृद्ध महिला ने विरोध करते हुए उसे लात मारकर रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान पड़ोस की एक महिला वहां पहुंची तो आरोपी ने कथित तौर पर उस पर भी स्प्रे करने की कोशिश की। शोर सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे, जिसके बाद आरोपी बिना कंगन लिए मौके से भाग निकली।


घटना के बाद यासमीन निगार की दायीं आंख में गंभीर परेशानी सामने आई है और परिजनों के अनुसार उनकी आंख की रोशनी बेहद कम हो गई है। स्थानीय स्तर पर आंख दिखाने के बाद उन्हें बड़े अस्पताल में इलाज कराने की सलाह दी गई है। परिजन इलाज के लिए उन्हें कोलकाता या मद्रास के बड़े नेत्र अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे हैं। परिजनों का कहना है कि घटना की सूचना पुलिस को दी गई थी, लेकिन अब तक FIR दर्ज नहीं हुई है। उनका दावा है कि लूट का प्रयास हुआ और महिला की आंख में गंभीर चोट आई, इसलिए आपराधिक मामला दर्ज कर कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं पुलिस का कहना है कि कोई सामान लूटा नहीं गया, इसी वजह से FIR दर्ज नहीं की गई है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगालकर आरोपी महिला की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी को महिला के अकेले रहने और घर की गतिविधियों की जानकारी कैसे मिली। परिजनों के अनुसार, यासमीन की तबीयत पहले से खराब रहती है और किडनी संबंधी बीमारी के कारण उनकी डायलिसिस भी होती है। डायलिसिस के लिए एक महिला नियमित रूप से घर आती है और घर में तीन महिलाएं काम करने भी आती हैं। पुलिस इन पहलुओं को जांच में शामिल कर रही है। परिजनों ने आरोपी महिला की पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने मानगो के श्रीकृष्ण उद्यान में हुई कथित ऐसी ही घटना का भी जिक्र किया है और दोनों मामलों के बीच संबंध होने की आशंका जताई है, हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।


