मानगो में पांच मिनट के भीतर घर से 70 हजार रुपये चोरी, परिवार के नीचे आते ही फरार हुआ चोर

जमशेदपुर : मानगो के आजादनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-1 स्थित एक घर से चोर ने महज पांच मिनट में 70 हजार रुपये नकद चुरा लिए। घर में परिवार के सदस्य पहली मंजिल पर नाश्ता कर रहे थे। इसी दौरान घर के पिछले दरवाजे से एक सदस्य के बाहर जाने पर चोर अंदर घुस गया और घर में रखी चाबी से अलमारी खोलकर नकदी निकाल ली। चोरी की घटना तौसीफ वकार के घर में हुई।

तौसीफ वकार के अनुसार, उनकी मां पिछले दरवाजे से कुछ सामान लाने बाहर गई थीं। इसी दौरान चोर घर में दाखिल हुआ और अलमारी से 70 हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद उसने लॉकर तोड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन तभी परिवार के अन्य सदस्य नीचे पहुंच गए। लोगों को आता देख चोर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।


