भूमि पूजन के साथ दुर्गा पूजा की तैयारी शुरू, ₹15 लाख में बनेगा भव्य पंडाल

जमशेदपुर : एग्रिको में दुर्गा पूजा पंडाल निर्माण की शुरुआत रविवार को भूमि पूजन के साथ हो गई। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और पूजा कमेटी के संरक्षक रघुवर दास ने विधि-विधान से भूमि पूजन किया। इस मौके पर पूजा कमेटी के अध्यक्ष वाई. पी. सिंह, महामंत्री भूपेंद्र सिंह समेत कमेटी के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। पूजा कमेटी के अनुसार इस वर्ष पंडाल निर्माण पर करीब ₹15 लाख खर्च होने का अनुमान है। पश्चिम बंगाल के कांटाई से आए अनुभवी कारीगर और मजदूर पंडाल तैयार करेंगे।


पूजा कमेटी ने बताया कि मां दुर्गा की प्रतिमा पर करीब ₹2 लाख की लागत आएगी और इसका निर्माण बेलदा के कुशल कारीगर करेंगे। पंडाल के साथ प्रतिमा को भी आकर्षक रूप देने की तैयारी है। इस बार श्रद्धालुओं के लिए पूजा पंडाल के साथ मेले का भी आयोजन किया जाएगा। कमेटी ने शहर के श्रद्धालुओं से एग्रिको पूजा पंडाल पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन करने और मेले का आनंद लेने की अपील की है।
भूमि पूजन कार्यक्रम में एग्रिको पूजा कमेटी के संजय, केंद्रीय दुर्गा पूजा कमेटी के संस्थापक रामबाबू सिंह, महामंत्री आशुतोष, उपाध्यक्ष गौतम प्रसाद रोहित समेत कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। भूमि पूजन के साथ ही एग्रिको दुर्गा पूजा की तैयारियों की औपचारिक शुरुआत हो गई।


