किराया मांगने पर मैजिक चालक से मारपीट, पांच नामजद समेत सात पर केस

पटमदा : बेलटांड़ मोड़ पर रविवार रात करीब नौ बजे किराया मांगने पर मैजिक वाहन चालक साधन कैबर्त (48) के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बिड़रा निवासी साधन ने पुलिस को बताया कि वह टाटा से यात्रियों को लेकर घर लौट रहे थे। बेलटांड़ मोड़ पर दो यात्रियों को उतारने के बाद निर्धारित किराया मांगने पर एक यात्री ने कथित तौर पर पैसे देने से इनकार कर धमकी दी और फोन कर अपने साथियों को बुला लिया।

आरोप है कि इसके बाद लावा (बेलटांड़) निवासी सूरज सिंह, महेश दास, मनोज दास, सोमनाथ मोदक, सोनू प्रमाणिक समेत दो अन्य युवकों ने साधन की लात-घूंसों से पिटाई की। इससे उनकी नाक और मुंह से खून निकलने लगा और वह गंभीर रूप से घायल हो गये। आरोपियों पर रुपये और जरूरी दस्तावेज छीनने का भी आरोप है। परिजन उन्हें माचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गये, जहां से बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इलाज के बाद मंगलवार को साधन ने पटमदा थाना में लिखित शिकायत दर्ज करायी। पुलिस ने कांड संख्या 16/26 के तहत पांच नामजद समेत सात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। थाना प्रभारी विष्णु चरण भोक्ता के अनुसार मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।


