पैसों के विवाद में घर पर अंधाधुंध फायरिंग, युवक की मौत; 5 गिरफ्तार

रांची : सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के रातू रोड स्थित इंद्रपुरी रोड नंबर एक में पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में गोलीबारी कर एक युवक की हत्या कर दी गई। बुधवार देर रात हुई इस घटना में विकास महतो के छोटे भाई मिथिलेश उर्फ छोटू की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में मुख्य आरोपी अभिषेक और विकास महतो के बीच 17 लाख रुपये के लेनदेन का विवाद सामने आया है। बताया जा रहा है कि विकास ने किसी काम के लिए तीन किस्तों में अभिषेक से ब्याज पर 17 लाख रुपये कर्ज लिए थे। इसके बदले उसे हर महीने 1.20 लाख रुपये ब्याज देना था। कुछ महीने तक ब्याज देने के बाद विकास ने भुगतान बंद कर दिया, जिसके बाद अभिषेक उससे ब्याज समेत 40 लाख रुपये मांगने लगा। विकास के इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 11:30 बजे एक दर्जन से अधिक युवक विकास महतो के इंद्रपुरी स्थित घर पहुंचे। वहां दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी वहां से चले गए। करीब एक घंटे बाद, रात पौने एक बजे आरोपी दोबारा पहुंचे और घर के बाहर गाली-गलौज करने लगे। विकास घर के अंदर ही रहा। इसी दौरान मुख्य आरोपी अभिषेक और उसके साथियों ने पिस्टल से घर पर कई राउंड फायरिंग की। गोली विकास के छोटे भाई मिथिलेश उर्फ छोटू को लग गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि घटना से पहले पैसों को लेकर दो बार विवाद हुआ था और पहली बार हाथापायी की सूचना सुखदेवनगर थाना को भी दी गई थी, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। गोलीबारी के दौरान भी लोगों ने पुलिस को सूचना दी, पर करीब एक घंटे बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। लोगों का कहना है कि पुलिस समय पर पहुंचती तो शायद छोटू की जान बच सकती थी। पुलिस गिरफ्तार पांचों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि मुख्य आरोपी अभिषेक जमीन के कारोबार के अलावा जुआ खेलने वालों को भी पैसे फाइनांस करता था।


