खतरे के निशान के पार पहुंची खरकई नदी, निचले इलाकों में बाढ़ का बढ़ा खतरा

जमशेदपुर : रुक-रुककर हो रही तेज बारिश के बीच शहर के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. शास्त्रीनगर, कदमा, बागबेड़ा नया बस्ती, बड़ौदा घाट, जुगसलाई और भुइयांडीह में पानी घुसने की आशंका है. ओडिशा में 76 मिमी बारिश के बाद ब्यांगबिल डैम से 84.72 क्यूमेक्स और 72 मिमी बारिश के बाद खरकई डैम से 55.18 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा है. 31 अगस्त सुबह 8 बजे की रिपोर्ट के अनुसार खरकई नदी ने खतरे का निशान पार कर लिया है. आदित्यपुर ब्रिज पर नदी का जलस्तर 129.03 मीटर दर्ज हुआ, जबकि डेंजर लेवल 129.00 मीटर है. वहीं मानगो ब्रिज पर सुवर्णरेखा नदी 119.70 मीटर पर बह रही है, जिसका डेंजर लेवल 121.50 मीटर है.


गांजिया बराज में सुबह 8 बजे जलस्तर 135.00 मीटर और बढ़ता हुआ दर्ज किया गया. दबाव को देखते हुए इसके सभी 8 गेट खोल दिये गये हैं और 1186.54 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा है. चांडिल डैम का जलस्तर 179.19 मीटर है और 13 रेडियल गेट व स्लुइस के माध्यम से नदी तथा नहर में कुल 744.57 क्यूमेक्स पानी डिस्चार्ज हो रहा है. गालूडीह बैराज के 6 स्पिलवे गेट खोलकर नदी में 1633.36 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा है, जबकि नहरों में सप्लाई पूरी तरह बंद है. लगातार बारिश को देखते हुए राहत और बचाव दल को तैयार रखा गया है.


