ग्रामीण बच्चों की पढ़ाई के लिए बड़ी पहल, नए शिक्षा केंद्र से जगी उम्मीद

जमशेदपुर : ग्रामीण इलाकों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने और उनमें पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए ब्रिंग बैक इंडियन कल्चर (बीबीआइसी) फाउंडेशन ने पहल शुरू की है. संस्था की ओर से सुंदरनगर क्षेत्र के केरुआडूंगरी पंचायत भवन में शैक्षणिक सामग्री वितरण और नये शिक्षा केंद्र के उद्घाटन कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान आर्थिक व भौगोलिक कारणों से पढ़ाई से दूर रहने वाले बच्चों को पुस्तकें, नोटबुक और अन्य जरूरी अध्ययन सामग्री दी गयी. कार्यक्रम में बीबीआइसी की फाउंडर डायरेक्टर पम्मी राय, को-फाउंडर केके राय, प्रतीक्षा राय, अनीता मुंडा, सानिया, कॉर्डिनेटर प्रेम रंजन, माझी बाबा शंकर राम बेसरा, अहला हांसदा, उदय कुमार हेंब्रम और शिक्षिका सीमा बेसरा समेत शिक्षक, अभिभावक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे.

केरुआडूंगरी पंचायत के मुखिया कान्हू मुर्मू ने संस्था की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण बच्चों के बेहतर भविष्य की मजबूत नींव शिक्षा है. उन्होंने पंचायत और संस्था के सहयोग से बच्चों को बेहतर शैक्षणिक अवसर और उचित मार्गदर्शन देने के लिए लगातार काम करने की बात कही, ताकि कोई बच्चा पढ़ाई से वंचित न रहे. बीबीआइसी की फाउंडर डायरेक्टर पम्मी राय ने बताया कि नये शिक्षा केंद्र में 1 सितंबर 2026 से नियमित कक्षाएं शुरू होंगी. इसके अलावा 6 सितंबर 2026 को पंचायत क्षेत्र के तीन अन्य गांवों में भी नये शिक्षा केंद्र शुरू किये जाएंगे, ताकि ज्यादा से ज्यादा बच्चों तक शिक्षा पहुंचायी जा सके.


