ट्रक की चपेट में युवक की मौत, 10 घंटे तक सड़क जाम; 2.50 लाख मुआवजे पर माने ग्रामीण

हाता : पोटका थाना क्षेत्र के टाटा-हाता मुख्य मार्ग पर पावरू मोड़ के पास रविवार सुबह करीब आठ बजे 25 वर्षीय सुमन मंडल की ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गयी. वह राजनगर थाना क्षेत्र के उरूघुटू गांव निवासी प्रदीप मंडल का इकलौता पुत्र था. हादसे के बाद गुस्साये ग्रामीणों ने ट्रक चालक को पकड़कर पीट दिया और 45 लाख रुपये मुआवजे की मांग करते हुए सड़क जाम कर दी. करीब दस घंटे तक जाम रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के नीचे सुमन का शव पड़ा रहा, जबकि घायल चालक को भी ग्रामीणों ने घेरे रखा. पुलिस और प्रशासन की टीम ग्रामीणों को समझाने में जुटी रही.

जानकारी के अनुसार सुमन पोल्ट्री ढोने वाले पिकअप वैन में खलासी था. रविवार सुबह पावरू पहाड़ स्थित वाशिंग सेंटर में वैन खड़ी करने के बाद वह पास के होटल में नाश्ता करने गया था. लौटते समय शाह स्पंज कंपनी से माल खाली कर आ रहे 12 चक्का ट्रक संख्या सीजी-15-डीएच-5176 ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. पिटाई में घायल चालक को करीब ढाई बजे सदर अस्पताल, जमशेदपुर भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया. शाम करीब छह बजे शाह कंपनी की ओर से मृतक के परिजनों को 2.50 लाख रुपये मुआवजा दिया गया और अन्य जरूरी सुविधाएं देने का आश्वासन मिला, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ. पुलिस ने शव कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की. मौके पर पोटका की सीओ निकिता बाला, पुलिस निरीक्षक पीसी सिन्हा, थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो, सुंदरनगर थाना प्रभारी अजीत मुंडा और अंचल निरीक्षक हेमंत कुमार मौजूद रहे. ग्रामीणों ने चौक पर भारी वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए बताया कि कंपनी का गार्ड घटना के बाद वहां से चला गया और सुरक्षा इंतजाम बेहतर करने की मांग की.


