निखार सबलोक हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता गिरफ्तार, मोबाइल लोकेशन से पुलिस ने दबोचा

जमशेदपुर : कदमा विजया हेरिटेज फेज 6 निवासी और होटल कारोबारी निखार सबलोक की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह को गिरफ्तार किया है. पुलिस जांच में उसे हत्याकांड की साजिश रचने वाला मुख्य व्यक्ति बताया गया है. शनिवार देर रात कानपुर से मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसे पकड़ा गया. पुलिस उसे जमशेदपुर ले आयी है, जहां वरीय अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे हैं. पुलिस के अनुसार वह पूछताछ में सहयोग कर रहा है और जरूरत पड़ने पर उसे घटनास्थल भी ले जाया जा सकता है. सिंटू सिंह के खिलाफ अलग-अलग थानों में कई मामले दर्ज हैं, जिनमें फायरिंग, रंगदारी और आर्म्स एक्ट के केस शामिल हैं. जमशेदपुर पुलिस उसे तड़ीपार भी कर चुकी है और इसके बाद वह कपाली में रहकर गिरोह चला रहा था. सूत्रों के मुताबिक जेल से बाहर आने के बाद उसने अखिलेश सिंह गिरोह से हाथ मिला लिया था.


पुलिस के अनुसार निखार की करीब एक सप्ताह से रेकी की जा रही थी. रेकी के लिए सिंटू सिंह ने मानगो डिमना रोड के विश्वनाथ से लाल रंग की कार खरीदी थी. सिंटू पहले मानगो के अपराधी गुड्डू पांडेय के गिरोह से जुड़ा था, लेकिन गणेश सिंह को लेकर दोनों में विवाद हुआ था. इसके बाद सिंटू ने गुड्डू पांडेय के घर पर फायरिंग की थी. 24 अगस्त को दोपहर करीब 3 बजे निखार की चांडिल थाना क्षेत्र स्थित होटल टेंथ माइल स्टोन में गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. वह सुखलाल पहाड़िया, मनमन सिंह और गुरुचरण सिंह से पास की जमीन को लेकर बातचीत करने पहुंचे थे. बातचीत के बाद बाहर निकलते ही पहले से इंतजार कर रहे हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं. निखार को 11 गोलियां लगीं और मौके पर ही उनकी मौत हो गयी. इस मामले में सोनारी के कारोबारी अशोक सिंह राघव को शनिवार को चांडिल थाना में तबीयत बिगड़ने के बाद टीएमएच में भर्ती कराया गया है.


