संवाद 2026 का समापन, जनजातीय ज्ञान, कहानियों और विचारों का जश्न

Advertisements

जमशेदपुर: टाटा स्टील फाउंडेशन के प्रमुख जनजातीय सम्मेलन संवाद 2026 का समापन गुरुवार देर शाम गोपाल मैदान में हुआ। इस वर्ष सम्मेलन के 13वें संस्करण में भारत के 25 राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश की 165 जनजातियों के 2,500 प्रतिभागियों ने जमशेदपुर में हिस्सा लिया। इनमें से 55 प्रतिशत प्रतिभागियों ने पहली बार संवाद में भाग लिया। कुल प्रतिभागियों में 15 प्रतिशत विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG) से थे। इस वर्ष झारखंड की 32 जनजातियों ने सम्मेलन में भागीदारी की। वर्ष 2014 में जब संवाद की शुरुआत हुई थी, तब इसमें 19 राज्यों की 40 जनजातियों ने हिस्सा लिया था।

Advertisements
https://bashisthaonline.in
Advertisements
Advertisements

दिन की शुरुआत पूर्वोत्तर भारत की विभिन्न जनजातियों के समूह द्वारा अखड़ा में प्रार्थना के साथ हुई। अखड़ा जनजातीय समुदायों के बीच संवाद और आत्मचिंतन का स्थल है। संवाद के प्रत्येक दिन अलग-अलग जनजातियों ने अपनी प्रार्थनाओं के साथ दिन की शुरुआत की। इस दिन का विचार था—“तेजी से बदलती दुनिया में जनजातियाँ खुद को कहाँ पाती हैं?”

अंतिम दिन संवाद फेलोशिप की यात्रा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव रहा। इस अवसर पर पूर्व फेलो के कार्यों का जश्न मनाया गया और जनजातीय विरासत के दस्तावेजीकरण एवं संरक्षण के प्रति प्रतिबद्ध नए फेलो का स्वागत किया गया। संवाद के पूर्व फेलो द्वारा लिखी गई सात पुस्तकों का विमोचन किया गया। इन पुस्तकों में जनजातीय भाषाओं, खान-पान, संगीत, मौखिक परंपराओं, वाद्ययंत्रों, कृषि परंपराओं और वस्त्रों से जुड़े विषयों को शामिल किया गया है।

संवाद फेलोशिप 2026 के तहत झारखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, मिजोरम, पश्चिम बंगाल और केरल से सात नए फेलो का स्वागत किया गया। उनके प्रस्तावित प्रोजेक्ट विभिन्न विषयों पर आधारित हैं, जिनमें चांगपा लोकगीत, उरांव समुदाय की मौखिक ज्ञान परंपरा, मिजो सांस्कृतिक परंपराएँ, मलयराया भाषाई एवं साहित्यिक विरासत, टोटो समुदाय के त्योहार-चक्र, गुज्जर-बकरवाल समुदाय के सांस्कृतिक अभिलेख और पारंपरिक हो खेल शामिल हैं।

See also  साकची में करीब नौ लाख की चोरी में दो नाबालिग हिरासत में

झारखंड की उरांव जनजाति से आने वाले संवाद फेलो 2026 मनोज कुजूर का कहना है कि “संवाद की सबसे खास बात इसकी आत्मीयता, समावेशी सोच और सभी को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने का भाव है। यहाँ हर प्रतिभागी को अपनी बात रखने और अपनी आवाज़ पहुँचाने का पूरा अवसर मिलता है। यही बात इस मंच को सार्थक और प्रभावशाली बनाती है।”
सम्मेलन के साथ ही ‘समुदाय के साथ’ राष्ट्रीय लघु फिल्म प्रतियोगिता के 9वें संस्करण का भी समापन हुआ। इस प्रतियोगिता के माध्यम से सिनेमा के जरिए जनजातीय कहानियों, पहचान और जीवन के अनुभवों को सामने लाने का प्रयास किया गया। इस वर्ष प्रतियोगिता में 11 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 11 जनजातियों की ओर से कुल 63 प्रविष्टियाँ प्राप्त हुईं। इनमें संस्थागत श्रेणी में 50 और सामुदायिक श्रेणी में 13 फिल्में शामिल थीं। अंतिम मूल्यांकन के लिए इनमें से 25 फिल्मों को शॉर्टलिस्ट किया गया।

सामुदायिक श्रेणी में ‘अयदारी’ को पॉपुलर चॉइस अवॉर्ड, ‘द ट्रेल ऑफ पाहुगुन’ को स्पेशल जूरी अवॉर्ड और ‘अगम ’ तथा ‘चिन्हारी: स्याही पहचान की’ को सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार दिया गया।

संस्थागत श्रेणी में ‘जमुना टुडू: द लेडी टार्जन’ को पॉपुलर चॉइस अवॉर्ड और ‘हक़ की आवाज़’ को स्पेशल जूरी अवॉर्ड मिला। ‘जंगलिया’ ने तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि ‘चुगती चिड़िया, उड़ता गुफान’ और ‘पहरे पे बैठा काक भगोड़ा’ को संयुक्त रूप से दूसरा स्थान मिला। सौरव कुमार मुंडा की फिल्म ‘अ रिवर कलर्ड रेड’ ने प्रथम पुरस्कार अपने नाम किया।

इन परिणामों की घोषणा गणेश नागराजन, उप सचिव, जनजातीय कार्य मंत्रालय; डी. बी. सुंदरा रामम, निदेशक, टाटा स्टील फाउंडेशन और सौरव रॉय, सीईओ, टाटा स्टील फाउंडेशन की उपस्थिति में की गई।

See also  अक्षय नवमी पर कई स्थानों पर शुरू हुई मां जगद्धात्री की पूजा, उमड़े श्रद्धालु

संवाद 2026 पर अपने विचार साझा करते हुए टाटा स्टील फाउंडेशन के सीईओ सौरव रॉय ने कहा, “मैं 9वीं ‘समुदाय के साथ’ राष्ट्रीय लघु फिल्म प्रतियोगिता के सभी विजेताओं, संवाद फेलोशिप के लिए नवचयनित सात फेलो, फेलोशिप के तहत प्रकाशित सात नई पुस्तकों के लेखकों और संवाद में शामिल प्रत्येक प्रतिभागी को हार्दिक बधाई देता हूँ। संवाद 2026 के समापन के साथ हमारे सामने एक सवाल रह जाता है कि तेजी से बदलती दुनिया में हमें क्या अपनाना चाहिए और किन चीजों को संजोकर रखना चाहिए? जमशेदपुर में बीते पांच दिनों के दौरान विभिन्न समुदायों ने हमें दिखाया कि सच्ची प्रगति अपनी क्षमताओं को मजबूत करने, अपनी पहचान और जड़ों से जुड़े रहने तथा एक-दूसरे से सीखने में निहित है। यह संवाद यहीं समाप्त नहीं होता। हमें अगले वर्ष नवंबर में संवाद के एक और संस्करण के साथ फिर मिलने का इंतजार रहेगा, जहाँ हमें एक बार फिर साथ मिलकर सुनने, सीखने और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।”
प्रेरणादायी पांच दिनों तक चले संवाद में देशभर के जनजातीय समुदायों की जीवंत संस्कृति, परंपराओं, खान-पान और ज्ञान की झलक देखने को मिली। जीवंत अखड़ा और सांस्कृतिक उत्सवों से लेकर उपचार पद्धतियों, जनजातीय व्यंजनों, कला एवं हस्तशिल्प, ‘समुदाय के साथ’ और संवाद फेलोशिप से जुड़ी चर्चाओं तक, इस आयोजन ने जनजातीय ज्ञान, रचनात्मकता और सामर्थ्य को करीब से जानने-समझने का अवसर दिया।जोहार हाट में कलाकारों और शिल्पकारों की हुनरमंद कारीगरी देखने को मिली, वहीं आतिथ्य के माध्यम से आगंतुकों को जनजातीय खान-पान की समृद्ध विविधता का स्वाद चखने का अवसर मिला।
केरल की अराया जनजाति की 36 वर्षीय जेंसी जॉन ने कहा, “जब लोग अपने ज्ञान और अनुभवों को साझा करने के लिए एक साथ आते हैं, तो यह संवाद विभिन्न पीढ़ियों, समुदायों और संस्कृतियों के बीच एक सेतु बन जाता है।” जमशेदपुर में पांच दिनों तक चले संवाद 2026 ने ऐसा ही एक मंच उपलब्ध कराया, जहाँ पारंपरिक उपचार पद्धतियों के जानकारों ने अपना ज्ञान साझा किया, विभिन्न समुदायों ने अपने खान-पान और सांस्कृतिक परंपराओं का उत्सव मनाया, शोधकर्ताओं ने जनजातीय विरासत का दस्तावेजीकरण किया और फिल्मकारों ने अपनी कहानियाँ अपनी ही आवाज़ में दुनिया के सामने रखीं।

See also  राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता में मेघा महतो ने हासिल किया पहला स्थान

संवाद 2026 का समापन भले ही हो गया हो, लेकिन इसके माध्यम से शुरू हुई चर्चाएँ और विचारों का आदान-प्रदान आगे भी जारी रहेगा। इसका प्रभाव दस्तावेजीकृत हो रहे शोध, सशक्त होती पारंपरिक प्रथाओं, बन रही फिल्मों, विकसित हो रहे आजीविका के साधनों और उत्पादों के रूप में देखने को मिलेगा। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि जनजातीय समुदाय अपनी कहानियाँ अपनी आवाज़ में सुनाते रहेंगे और अपने ज्ञान एवं विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाते रहेंगे।

About The Author

You may have missed