सिद्धांत चतुर्वेदी बलिया की कहानी पर बनाएंगे फिल्म, निर्देशक अभिषेक चौबे के साथ कर रहे काम

BOLLYWOOD: बॉलीवुड अभिनेता सिद्धांत चतुर्वेदी अपने नए फिल्म प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा में हैं। उनकी आने वाली फिल्म की कहानी उनके होमटाउन बलिया, उत्तर प्रदेश से जुड़ी होगी। सिद्धांत ने बताया कि उन्होंने बलिया की जिंदगी, वहां की संस्कृति, लोगों के संघर्ष और उनके सपनों को करीब से देखा है। वह इन अनुभवों को ईमानदारी के साथ पर्दे पर उतारना चाहते हैं। हालांकि, इस फिल्म की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है।


इस प्रोजेक्ट के लिए सिद्धांत चतुर्वेदी फिल्म निर्देशक अभिषेक चौबे के साथ काम कर रहे हैं। अभिनेता के अनुसार, दोनों एक खास कहानी पर काम कर रहे हैं और इसे सही समय पर दर्शकों के सामने लाने की तैयारी है। सिद्धांत को फिल्म ‘गली बॉय’ से खास पहचान मिली थी। इसके बाद वह ‘गहराइयां’, ‘खो गए हम कहां’ और ‘धड़क 2’ जैसी फिल्मों में नजर आए।
बलिया में जन्मे सिद्धांत चतुर्वेदी महज पांच साल की उम्र में मुंबई चले गए थे। उन्होंने मिठीबाई कॉलेज में पढ़ाई की और शुरुआत में चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने की योजना बनाई थी। अभिनय के प्रति रुचि के चलते उन्होंने मंच पर भी काम किया और वर्ष 2013 में टाइम्स ऑफ इंडिया के फ्रेश फेस कॉन्टेस्ट में हिस्सा लेकर जीत हासिल की। अपने करियर के संघर्षों का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया था कि छोटी भूमिकाएं ठुकराने के कारण उन्हें कुछ समय तक फिल्म इंडस्ट्री से बाहर रहना पड़ा। अब बलिया से जुड़ी कहानी पर काम करना उनके लिए खास मायने रखता है। फिल्म की आधिकारिक घोषणा और रिलीज की जानकारी का इंतजार है।


