पानी संकट से जूझता अस्पताल, रोज 10 टैंकर की जरूरत, अब खरीद से चलेगी व्यवस्था

0
Advertisements
Advertisements
Advertisements

जमशेदपुर : डिमना स्थित कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी संस्थान एमजीएम मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में पानी का गंभीर संकट गहराता जा रहा है। अस्पताल को प्रतिदिन करीब डेढ़ लाख लीटर पानी की जरूरत है, लेकिन मौजूदा आपूर्ति इस मांग को पूरा नहीं कर पा रही है। प्रबंधन के अनुसार, दो डीप बोरिंग के अलावा रोजाना 10 टैंकर (प्रत्येक में लगभग 12 हजार लीटर) पानी की आवश्यकता है। फिलहाल उपायुक्त के निर्देश पर मानगो नगर निगम द्वारा 5 से 7 टैंकर पानी उपलब्ध कराया जा रहा है, लेकिन बढ़ती गर्मी के कारण खपत बढ़ने से स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है।

Advertisements
https://bashisthaonline.in
Advertisements
Advertisements
https://bashisthaonline.in

इस समस्या से निपटने के लिए अस्पताल प्रशासन ने अब पानी खरीदने का निर्णय लिया है। प्राचार्य स्तर पर टेंडर प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली गई है और औपचारिकताएं पूरी होते ही जुस्को या अन्य स्रोतों से प्रतिदिन 3 से 4 अतिरिक्त टैंकर पानी खरीदा जाएगा। अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. जुझार माझी ने बताया कि इस व्यवस्था को जल्द लागू किया जाएगा, ताकि ऑपरेशन, इलाज और अन्य जरूरी सेवाओं में किसी तरह की बाधा न आए और रोजाना 10 टैंकर पानी की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।

अस्पताल में पानी की समस्या काफी समय से बनी हुई है। पहले यहां पांच डीप बोरिंग कराए गए थे, लेकिन उनमें से तीन के खराब हो जाने से संकट और बढ़ गया है। वहीं, स्वर्णरेखा नदी के संकोशाई-श्यामनगर क्षेत्र से पाइपलाइन के जरिए पानी आपूर्ति की योजना पर काम जारी है, लेकिन मार्च तक इसके पूरा होने की संभावना कम है। ऐसे में फिलहाल अस्पताल की व्यवस्था टैंकरों पर ही निर्भर है और गर्मी बढ़ने के साथ यह चुनौती और कठिन होती जा रही है।

About The Author

Thanks for your Feedback!