आयकर मुद्दों पर मंथन, इंटरएक्टिव सेशन में नई टैक्स व्यवस्था पर बड़ी चर्चा

0
Advertisements
Advertisements

जमशेदपुर : सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा चेंबर भवन में एक महत्वपूर्ण इंटरएक्टिव सेशन आयोजित किया गया, जिसमें बिहार-झारखंड के प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त जयंत मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान आयकर से जुड़े ज्वलंत मुद्दों, प्रक्रियागत चुनौतियों, अनुपालन से संबंधित समस्याओं और व्यावहारिक कठिनाइयों पर विस्तार से चर्चा की गई। चेंबर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि संस्था व्यापारियों और उद्यमियों के हित में कार्य करते हुए उन्हें नए कर नियमों और जटिलताओं से अवगत कराती है। सत्र का संचालन उपाध्यक्ष (वित्त एवं कराधान) अधिवक्ता राजीव अग्रवाल ने किया।

Advertisements
https://bashisthaonline.in
Advertisements

अपने संबोधन में जयंत मिश्रा ने कहा कि जमशेदपुर और झारखंड के अन्य क्षेत्रों में एयर कनेक्टिविटी की कमी विकास को प्रभावित कर रही है, जिसका असर राजस्व पर भी पड़ता है। उन्होंने जानकारी दी कि नया आयकर अधिनियम 2025 पारित हो चुका है, जो 1 अप्रैल 2026 से लागू होगा, जबकि पुराने मामलों का निपटारा पुराने कानून के तहत ही किया जाएगा। उन्होंने बताया कि देश में करीब 75 करोड़ पैन धारकों में से केवल 9 करोड़ लोग ही आयकर रिटर्न दाखिल करते हैं, जबकि झारखंड में यह आंकड़ा मात्र 4 प्रतिशत है, जिसे बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने करदाताओं से समय पर अग्रिम कर भुगतान की अपील की और अधिकारियों को ‘विवाद से विश्वास’ योजना के तहत लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे का निर्देश दिया।

कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि आयकर विभाग और चेंबर मिलकर अप्रैल से नए अधिनियम पर जागरूकता सेमिनार आयोजित करेंगे, जिसमें सीए, अधिवक्ता, उद्यमी और शिक्षाविद भाग लेंगे। निवर्तमान अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने सुझाव दिया कि नए कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विशेषज्ञ अधिकारियों की नियुक्ति की जाए, जबकि सचिव अंशुल रिंगसिया ने ऐसे कार्यक्रमों को पारदर्शिता और ‘इज ऑफ डुइंग बिजनेंस’ को बढ़ावा देने वाला बताया। अंत में सीए अनिल अग्रवाल रिंगसिया ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम में सीए अनिल मोदी, हर्ष बाकरेवाल, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, भरत मकानी, बिनोद शर्मा, सीए पीयूष गोयल सहित बड़ी संख्या में चार्टर्ड अकाउंटेंट, अधिवक्ता, व्यापारी और उद्यमी उपस्थित रहे।

Thanks for your Feedback!

You may have missed