हिमांशु हत्याकांड: भाजपा के बंद से पहले जमशेदपुर में हाई अलर्ट, दो और नाबालिग गिरफ्तार, कुल्हाड़ी से भी हुआ था हमला
Oplus_16908288



जमशेदपुर : बिष्टुपुर डीडी बार हत्याकांड को लेकर भाजपा द्वारा बुलाए गए बंद से पहले पूरे जमशेदपुर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। शहर के प्रमुख इलाकों बिष्टुपुर, साकची, मानगो, कदमा, गोलमुरी, जुगसलाई और सोनारी में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और दंडाधिकारी सभी संवेदनशील स्थानों पर मुस्तैद हैं।

इसी बीच एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने प्रेस वार्ता में बताया कि इस हत्याकांड में अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें तीन नाबालिग और दो बालिग शामिल हैं। दो नाबालिग आरोपी आदित्यपुर के रहने वाले हैं जिन्हें किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर रिमांड होम भेजा गया। बालिग आरोपी सोनू राम सरदार और राज लोहार पहले ही न्यायिक हिरासत में जेल भेजे जा चुके हैं। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि हिमांशु सिंह और प्रत्युष सिंह पर चाकू के साथ-साथ कुल्हाड़ी से भी हमला किया गया था।
मुख्य आरोपी विश्वजीत मंडल अभी भी फरार है और उस पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित है। भाजपा नेता एवं बार मालिक नीरज सिंह, बार मैनेजर और अन्य नामजद आरोपियों की तलाश भी जारी है। पुलिस के अनुसार बार के भीतर हुए विवाद के बाद विश्वजीत मंडल ने अपने साथियों को बुलाया और बाहर आकर हमला किया। एसएसपी ने दावा किया है कि सभी फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


