‘संवाद’ कार्यक्रम में पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा के साथ मारपीट, TMH में भर्ती

जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में मंगलवार देर रात आयोजित ‘संवाद’ कार्यक्रम के दौरान घाटशिला के पूर्व विधायक और आजसू के संस्थापक सदस्यों में शामिल सूर्य सिंह बेसरा के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, कुछ महिलाओं ने उनकी पिटाई कर दी, जिसके बाद घायल अवस्था में उन्हें टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने वीडियो बनाए, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।


प्रारंभिक चर्चा के अनुसार, कुछ महिलाओं ने सूर्य सिंह बेसरा पर छेड़खानी का आरोप लगाते हुए मारपीट की। हालांकि, इस आरोप की पुलिस ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और न ही आरोप लगाने वाली महिलाओं का विस्तृत पक्ष सामने आया है। समाचार लिखे जाने तक सूर्य सिंह बेसरा और पुलिस की ओर से भी घटना को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। मारपीट की वजह और विवाद की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच तथा संबंधित पक्षों के बयान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।


