गणित-विज्ञान शिक्षकों की नियुक्ति के लिए 31 अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग 17 नवंबर को

जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के प्रारंभिक विद्यालयों में गणित और विज्ञान शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। झारखंड प्रारंभिक विद्यालय प्रशिक्षित सहायक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 के संशोधित एवं अतिरिक्त परीक्षाफल के आधार पर चयनित 31 अभ्यर्थियों की जिला स्तरीय काउंसिलिंग 17 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे से बिष्टुपुर स्थित जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) कार्यालय के सभागार में होगी। इस संबंध में जिला प्रशासन ने आदेश जारी किया है।


काउंसिलिंग में कक्षा 6 से 8 के गणित एवं विज्ञान विषय के लिए नव-अनुशंसित चार अभ्यर्थी तपन कुमार मलिक, भीम प्रसाद शर्मा, बीथिका मंडल और अर्जुन महतो शामिल होंगे। इनके अलावा अतिरिक्त परीक्षाफल के बाद जिला या आरक्षण कोटि में बदलाव वाले 27 पूर्व चयनित अभ्यर्थियों को भी दोबारा बुलाया गया है। अभ्यर्थियों को जांच-पत्रक अपनी लिखावट में भरना होगा। इसमें गलती या अशुद्धि होने पर इसे स्वीकार नहीं किया जाएगा। दस्तावेजों या दी गई जानकारी में गड़बड़ी मिलने पर जिला शिक्षा स्थापना समिति विधिक कार्रवाई कर सकती है।
अभ्यर्थियों की सूची, जांच-पत्रक का प्रारूप और हेल्पलाइन प्रकोष्ठ की जानकारी जिले की आधिकारिक वेबसाइट www\.jamshedpur.nic.in पर उपलब्ध है। काउंसिलिंग के लिए मैट्रिक, इंटर, स्नातक, एनसीटीई से मान्यता प्राप्त शिक्षक प्रशिक्षण और जेटेट के अंक-पत्र एवं उत्तीर्णता प्रमाण-पत्र लाने होंगे। संबंधित संस्थान की मान्यता का प्रमाण, आरक्षित कोटि के अभ्यर्थियों के लिए पिता के नाम से जारी जाति प्रमाण-पत्र, 02 जून 2016 के बाद निर्गत स्थानीय निवासी प्रमाण-पत्र और ईडब्ल्यूएस अभ्यर्थियों के लिए आय एवं संपत्ति प्रमाण-पत्र भी अनिवार्य है। पारा शिक्षक कोटि के अभ्यर्थियों को अनुभव और स्वच्छता प्रमाण-पत्र, परीक्षा का मूल प्रवेश-पत्र तथा हाल में खिंचवाये गये तीन ब्लैक एंड व्हाइट पासपोर्ट साइज फोटो भी लाने होंगे।


