हिमांशु हत्याकांड के बाद एक्शन में नए SP: मनोज स्वर्गियारी ने आदित्यपुर थाना पहुंचकर दिया जीरो टॉलरेंस का संदेश, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में तेजी का निर्देश
Oplus_16908288

आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां के नवपदस्थापित पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने पदभार संभालते ही स्पष्ट कर दिया है कि जिले में अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। गुरुवार को वे आदित्यपुर थाना पहुंचे जहां उन्होंने डीडी बार हत्याकांड को लेकर पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने का सख्त निर्देश दिया।


एसपी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने, पुराने और सक्रिय अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने और नशे के अवैध कारोबार पर निर्णायक कार्रवाई के निर्देश दिए। सभी थाना प्रभारियों को क्षेत्र में लगातार भ्रमण करने, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने और आम लोगों से बेहतर संवाद स्थापित करने को कहा गया।
गौरतलब है कि बिष्टुपुर डीडी बार के बाहर हिमांशु सिंह की हत्या के बाद पूरे कोल्हान में भारी आक्रोश फैल गया था। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूर्वी सिंहभूम के तत्कालीन एसएसपी और सरायकेला-खरसावां की तत्कालीन एसपी को हटाकर प्रशासनिक फेरबदल किया। इसके बाद 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी मनोज स्वर्गियारी को नया एसपी नियुक्त किया गया। बैठक में एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज और आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।


