त्योहारों पर यात्रियों को राहत, टाटानगर से बक्सर स्पेशल ट्रेन शुरू, कई अन्य ट्रेनों का भी ऐलान

जमशेदपुर : दुर्गापूजा, दीपावली और छठ के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने टाटानगर और आसपास के स्टेशनों से कई फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाने की व्यवस्था की है। इसी क्रम में मंगलवार को टाटानगर से बक्सर के लिए फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन (08183) को एआरएम टाटा नीतीश कुमार और स्टेशन डायरेक्टर सुनील कुमार ने रेलवे अधिकारियों की मौजूदगी में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ट्रेन पहले दिन निर्धारित समय रात 8:30 बजे रवाना हुई। इसमें आरक्षित कोचों में करीब 200 और जनरल कोचों में 120 यात्रियों ने सफर किया। त्योहारों के दौरान भीड़ नियंत्रित करने के लिए टाटानगर स्टेशन की वीआईपी लाइन में होल्डिंग एरिया बनाया गया है, जहां एलसीडी स्क्रीन, पंखे, लाइट और डस्टबिन की व्यवस्था की गई है।


रेलवे के कार्यक्रम के अनुसार, आदित्यपुर से लखनऊ के लिए स्पेशल ट्रेन (04217) 15 अक्तूबर को एक फेरा लगाएगी। संतरागाछी-अजमेर स्पेशल (08611) टाटानगर होकर 12 अक्तूबर से 28 दिसंबर तक 12 फेरे लगाएगी, जबकि वापसी में अजमेर-संतरागाछी स्पेशल (08612) 15 अक्तूबर से 31 दिसंबर 2026 तक चलेगी। इसके अलावा मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस और संतरागाछी के बीच स्पेशल ट्रेन (01107/01108) चक्रधरपुर और टाटानगर होकर 6 से 29 अक्तूबर तक सप्ताह में एक दिन चलेगी।
इसी तरह इतवारी (नागपुर)-शालीमार स्पेशल ट्रेन (08861/08862) 15 से 30 अक्तूबर के बीच चक्रधरपुर और टाटानगर होकर साप्ताहिक तीन फेरे लगाएगी। संबलपुर-संतरागाछी स्पेशल ट्रेन (08303/08304) झारसुगुड़ा, चक्रधरपुर और टाटानगर के रास्ते 14 से 22 अक्तूबर के बीच दो फेरे लगाएगी। इन विशेष ट्रेनों से बक्सर, लखनऊ, अजमेर, पटना, संबलपुर और मुंबई सहित विभिन्न गंतव्यों की ओर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा सुविधा मिलने की उम्मीद है। रेलवे का उद्देश्य त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करना और लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत पहुंचाना है।


