शिवाजी पार्क में CJP के प्रदर्शन के बाद अभिजीत दीपके समेत संस्थापकों के खिलाफ शिकायत

मुंबई : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के शिवाजी पार्क के बाहर हुए प्रदर्शन के बाद संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके समेत अन्य संस्थापकों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करायी गयी है। शिवाजी पार्क की निवासी और वकील सिद्धी देवलेकर ने शिकायत में कहा कि प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने के बावजूद बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी हुई।

सिद्धी देवलेकर के अनुसार, बॉम्बे हाई कोर्ट के 2013 के फैसले को ध्यान में रखते हुए मुंबई पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी। उन्होंने कहा कि विरोध प्रदर्शन करना सभी का अधिकार है, लेकिन इसके लिए निर्धारित स्थानों का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। उन्होंने आजाद मैदान या दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की बात कही और मुंबई पुलिस से उचित कार्रवाई की उम्मीद जतायी।वहीं, अभिजीत दीपके ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफा नहीं देने की स्थिति में 10 अक्टूबर को देशभर से समर्थकों के दिल्ली पहुंचकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस ने जहां भी प्रदर्शनकारियों को रोका, वहीं प्रदर्शन किया जाएगा.


