लिफ्ट में घंटों फंसे पूर्व सांसद घूरन राम के परिवार के 6 सदस्य, तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती

दिल्ली : झारखंड के पूर्व सांसद घूरन राम के परिवार के छह सदस्य 29 सितंबर की रात झारखंड भवन की लिफ्ट में तकनीकी खराबी के कारण घंटों फंसे रहे। जानकारी के अनुसार, परिवार के सदस्य झारखंड भवन में ठहरे हुए थे और रात में लिफ्ट से जा रहे थे। इसी दौरान लिफ्ट बीच में रुक गई। लंबे समय तक अंदर फंसे रहने से सभी को घबराहट और दम घुटने की परेशानी होने लगी। कुछ समय बाद उनकी हालत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए।


घटना की जानकारी मिलने के बाद झारखंड भवन के रेस्टोरेंट कर्मचारियों ने राहत कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सभी छह लोगों को लिफ्ट से बाहर निकाला गया और तुरंत वसंत विहार स्थित होली एंजिल्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज किया गया। खबर के अनुसार, फिलहाल सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है।
घटना के बाद पूर्व सांसद घूरन राम ने झारखंड भवन की व्यवस्था और रखरखाव पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी घटना के समय मौके पर कोई इंजीनियर या तकनीकी कर्मचारी मौजूद नहीं था। उन्होंने यह भी पूछा कि घटना की तत्काल सूचना पुलिस या सुरक्षा एजेंसियों को क्यों नहीं दी गई। घूरन राम का परिवार फिलहाल दिल्ली में ही है और सभी सदस्यों का इलाज जारी है।


