मरीन ड्राइव पर कार-ट्रक की भीषण टक्कर, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की पुत्री समेत चार की मौत

जमशेदपुर : सोनारी मरीन ड्राइव स्थित दोमुहानी के समीप गुरुवार की अलसुबह हुए भीषण सड़क हादसे में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की पुत्री तृषा सिंह समेत चार युवाओं की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। जानकारी के अनुसार, कार (जेएच05 डीएस 6450) अत्यधिक तेज गति से मरीन ड्राइव से गुजर रही थी। दोमुहानी के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक (जेएच02टी 3971) को कार चालक देख नहीं सका और वाहन सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी और आसपास के लोगों की नींद खुल गयी।


हादसे के बाद स्थानीय लोग राहत और बचाव के लिए मौके पर पहुंचे, लेकिन कार में सवार तृषा सिंह, नमन गुप्ता, सार्थक अग्रवाल और वंशिका खंडेलवाल की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त कार से शवों को बाहर निकालकर एमजीएम भेजा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रक को जब्त कर लिया है। ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह का आवास कदमा स्थित दिंदली एनक्लेव में है। घटना की सूचना मिलने के बाद मृतकों के परिजन टीएमएच और घटनास्थल पर पहुंचने लगे। शहर के कई गणमान्य लोग भी अस्पताल पहुंचे और शोक-संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाया।
सोनारी पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में हादसे की वजह कार की तेज रफ्तार और मरीन ड्राइव पर अवैध रूप से खड़े ट्रक को माना जा रहा है। वहीं, स्थानीय निवासियों ने मरीन ड्राइव पर बिना इंडिकेटर और रिफ्लेक्टर के खड़े रहने वाले भारी वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


