शहरों के गरीब परिवारों को बड़ी राहत, 36,793 पक्के घर बनेंगे; हर लाभुक को मिलेंगे ₹2.50 लाख



झारखंड : प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत राज्य के शहरी क्षेत्रों में रहने वाले जरूरतमंद परिवारों के लिए 36,793 पक्के घर बनाए जाएंगे। योजना के पहले चरण में राज्य के 44 नगर निकायों के 22,709 लाभुकों को शामिल किया गया है, जबकि दूसरे चरण में 14,084 परिवारों को योजना का लाभ मिलेगा। आवास निर्माण की यह योजना वर्ष 2025 से 2029 तक पूरी की जानी है। स्वीकृत आवासों में सबसे अधिक 3,322 घर गिरिडीह में बनाए जाएंगे। इसके बाद रामगढ़ में 2,951, रांची में 2,902, हरिहरगंज में 2,208, छतरपुर में 1,746, विश्रामपुर में 1,633 और मधुपुर में 1,477 परिवारों के लिए आवास स्वीकृत किए गए हैं।


लाभुकों के चयन में गड़बड़ी रोकने के लिए सरकार ने आवेदनों की जांच भी कराई है। पूरे राज्य से करीब 66 हजार आवेदन प्राप्त हुए थे। जांच के दौरान 181 ऐसे आवेदकों के नाम सामने आए, जिन्हें पहले ही किसी आवास योजना का लाभ मिल चुका था। ऐसे नामों को नई सूची से हटा दिया गया है। सरकार का उद्देश्य योजना का लाभ वास्तविक जरूरतमंद शहरी परिवारों तक पहुंचाना है।
योजना के तहत एक पक्का घर बनाने के लिए लाभुक परिवार को कुल ₹2.50 लाख की सरकारी सहायता मिलेगी। इसमें केंद्र सरकार की हिस्सेदारी ₹1.50 लाख और झारखंड सरकार की हिस्सेदारी ₹1 लाख होगी। योजना का मकसद आर्थिक रूप से कमजोर और लंबे समय से बेहतर आवास की उम्मीद लगाए शहरी परिवारों को सुरक्षित और पक्की छत उपलब्ध कराना है।


