गुरु नानक प्रकाशोत्सव आज, तीन साल बाद निकलेगा नगर कीर्तन

बोकारो : सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाशोत्सव मंगलवार को बोकारो और चास के विभिन्न गुरुद्वारों में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। पर्व को लेकर गुरुद्वारों को आकर्षक विद्युत सज्जा और फूलों से सजाया गया है। विशेष कीर्तन दीवान और लंगर की व्यवस्था की गई है। इस बार चास गुरुद्वारा से करीब तीन साल बाद भव्य नगर कीर्तन निकाला जाएगा। गुरुद्वारा परिसर के साथ मुख्य सड़क पर तीन से चार आकर्षक तोरणद्वार बनाए गए हैं, जिन पर गुरु नानक देव जी के उपदेश और संदेश प्रदर्शित किए गए हैं। गुरुद्वारा कमेटी के सदस्य सतनाम सिंह ने बताया कि 25 नवंबर की रात विशेष कीर्तन दीवान आयोजित होगा। इसमें श्री दरबार साहिब से पधार रहे प्रसिद्ध रागी भाई साहिब भाई हरजीत सिंह गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत करेंगे।


सेक्टर-2सी स्थित गुरुद्वारा में भी प्रकाश पर्व पर विशेष धार्मिक कार्यक्रम होंगे। 24 नवंबर को सुबह 10 बजे श्री अखंड पाठ साहिब का भोग लगाया जाएगा। इसके बाद 10:15 बजे आरंभ दीवान और 11 बजे अरदास होगी। भाई नरिंदर सिंह खालसा (जगाधरी वाले) का रागी जत्था गुरुवाणी कीर्तन प्रस्तुत करेगा। शाम पांच बजे रहरास साहिब का पाठ और छह बजे विशेष दीवान सजेगा। इसके बाद स्वागत नगर कीर्तन निकाला जाएगा। कार्यक्रम के समापन पर गुरु का अटूट लंगर वितरित किया जाएगा। गुरुद्वारा प्रबंधन ने सभी श्रद्धालुओं से कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की है।


