रणबीर कपूर की ‘रामायण’ 1704 करोड़ की कमाई के साथ दुनिया में पांचवें नंबर पर पहुंची

मनोरंजन : रणबीर कपूर और यश की फिल्म ‘रामायण’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने दुनियाभर में अब तक 1,704.65 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। इसके साथ ही यह सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों की सूची में पांचवें स्थान पर पहुंच गई है। हालांकि, फिल्म अभी ‘दंगल’, ‘धुरंधर 2’, ‘बाहुबली 2’ और ‘पुष्पा 2: द रूल’ से पीछे है। सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, आमिर खान की ‘दंगल’ 2,070.30 करोड़ रुपये की कमाई के साथ पहले स्थान पर है। वहीं, दूसरे नंबर पर रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ है, जिसने दुनियाभर में 1,813.39 करोड़ रुपये कमाए हैं। प्रभास की ‘बाहुबली 2: द कन्क्लूजन’ 1,788.06 करोड़ रुपये के कलेक्शन के साथ तीसरे स्थान पर है।


चौथे स्थान पर अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा 2: द रूल’ है, जिसने 1,742.10 करोड़ रुपये की कमाई की है। इस तरह ‘रामायण’ और ‘पुष्पा 2’ के बीच करीब 37.45 करोड़ रुपये का अंतर है। ‘रामायण’ को ‘बाहुबली 2’ से आगे निकलने के लिए 83.41 करोड़ रुपये, ‘धुरंधर 2’ से आगे जाने के लिए 108.74 करोड़ रुपये और ‘दंगल’ को पछाड़ने के लिए 365.65 करोड़ रुपये की अतिरिक्त कमाई करनी होगी। सूची में छठे स्थान पर ‘धुरंधर’ 1,307.35 करोड़ रुपये, सातवें स्थान पर ‘RRR’ 1,230 करोड़ रुपये और आठवें स्थान पर ‘KGF चैप्टर 2’ 1,215 करोड़ रुपये के कलेक्शन के साथ शामिल हैं।
भारत में ‘रामायण’ का नेट कलेक्शन 955.45 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 1,141.65 करोड़ रुपये हो चुका है। विदेशों में फिल्म ने 563 करोड़ रुपये कमाए हैं। रिलीज के 19वें दिन फिल्म ने 12.70 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जबकि इस दिन कमाई में 64.3 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। भाषा के आधार पर फिल्म ने हिंदी में 725 करोड़ रुपये, कन्नड़ में 76.15 करोड़ रुपये, तेलुगू में 56.90 करोड़ रुपये, मलयालम में 49.95 करोड़ रुपये और तमिल में 47.45 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है।


