एलेप्पी एक्सप्रेस में यात्रियों को शराब बेचने वाला कोच अटेंडेंट गिरफ्तार

धनबाद : एलेप्पी एक्सप्रेस में यात्रियों को शराब बेचने के आरोप में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने कोच अटेंडेंट अजय भारती को गिरफ्तार किया है। सोमवार को धनबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर छह पर ट्रेन पहुंचते ही आरपीएफ की टीम ने कार्रवाई की। गुप्त सूचना के आधार पर बी-1 कोच में तलाशी ली गई। इस दौरान आरोपी के बैग से मिठाई के दो डिब्बे बरामद हुए। डिब्बों की जांच करने पर उनमें 180 एमएल की शराब की 10 बोतलें मिलीं। आरोपी पुटकी करकेंद का निवासी है।

आरपीएफ इंस्पेक्टर अजय प्रकाश के अनुसार, पूछताछ में अजय भारती ने बताया कि उसे ईगल सिक्यूरिटी सर्विसेज ने कोच अटेंडेंट के रूप में नियुक्त किया था। एजेंसी पिछले दो महीने से वेतन नहीं दे रही थी। खर्च चलाने के लिए वह ट्रेन में यात्रियों को शराब बेचने लगा था। उसने बताया कि वह जरूरतमंद यात्रियों को प्रिंट रेट से अधिक कीमत पर शराब उपलब्ध कराता था। काम की थकान और पैसों की जरूरत के कारण वह खुद भी सफर के दौरान शराब पीता था। आरोपी ने यह भी बताया कि इससे पहले दो बार ट्रेन में शराब लेकर जा चुका है। आरपीएफ ने बरामद शराब के साथ उसे उत्पाद विभाग के हवाले कर दिया।


