आंगनबाड़ी सहायिका के चयन को लेकर विरोध, ग्रामसभा स्थगित

बोकारो : चास नगर निगम क्षेत्र के विस्थापित चौक पत्थरकट्टा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में सहायिका के चयन के लिए बुलाई गई ग्रामसभा स्थानीय निवासियों के विरोध के कारण स्थगित कर दी गई। शुक्रवार को सुबह 11 बजे चयन प्रक्रिया शुरू करने पहुंची सुपरवाइजर ने दोपहर डेढ़ बजे तक ग्रामसभा कराने का प्रयास किया, लेकिन बड़ी संख्या में जुटे लोगों ने इसका विरोध किया। इसके बाद ग्रामसभा स्थगित करने और चयन की अगली तारीख बाद में घोषित करने का निर्णय लिया गया।


स्थानीय निवासियों ने संबंधित क्षेत्र के पार्षद की अनुपस्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि सहायिका चयन जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया में पार्षद की मौजूदगी जरूरी है, जबकि उन्हें इसकी जानकारी तक नहीं थी। लोगों ने आरोप लगाया कि विरोध नहीं करने पर चयन प्रक्रिया में मनमानी कर किसी खास व्यक्ति को लाभ पहुंचाया जा सकता था। वहीं, सुपरवाइजर ने बताया कि विरोध को देखते हुए ग्रामसभा रद्द कर दी गई है और चयन की अगली तिथि बाद में घोषित की जाएगी।


