बाइक दुर्घटना में 24 वर्षीय युवक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल

चाईबासा : कुमारडूंगी थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात बाइक दुर्घटना में 24 वर्षीय मंगल पाडेया की मौत हो गई, जबकि 22 वर्षीय मंटू चातर गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों खेडियाघर गांव के रहने वाले थे। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 8 बजे दोनों एक बाइक पर सवार होकर चेमला साई हाट से घर लौट रहे थे। इसी दौरान गोरांगसाइ के पास अचानक दोनों बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।


घटना के बाद दोनों को कुमारडूंगी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मंगल पाडेया को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल मंटू चातर को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया गया। कुमारडूंगी पुलिस ने शनिवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। परिजनों के अनुसार, दोनों चेमला साई हाट गए थे और लौटने के दौरान यह दुर्घटना हुई।


