खराब ब्रेक के बावजूद 463 किमी दौड़ती रही वंदे भारत ट्रेन, रेलवे ने दिए जांच के आदेश

रांची : रेलवे की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। झारखंड के हटिया से उत्तर प्रदेश के दीन दयाल उपाध्याय स्टेशन तक एक खाली वंदे भारत ट्रेन को खराब ब्रेकिंग सिस्टम के बावजूद करीब 463 किलोमीटर तक चलाया गया। यह घटना 24 अक्टूबर की है। ट्रेन को मालगाड़ी के इंजन से जोड़कर ले जाया जा रहा था। नियमानुसार ट्रेन के ब्रेकिंग सिस्टम को इंजन के ब्रेकिंग सिस्टम से जोड़ना जरूरी था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। लोको पायलटों ने ब्रेक की खराब स्थिति को लेकर बार-बार चेतावनी दी, इसके बावजूद ट्रेन को आगे बढ़ने दिया गया। इससे अन्य यात्री ट्रेनों की सुरक्षा पर भी खतरा पैदा हो सकता था।


हटिया से रवाना होने के बाद ब्रेक पावर टेस्ट में लोको पायलट ने ब्रेकिंग क्षमता बेहद कमजोर पाई। रांची स्टेशन पहुंचने पर उसने सेक्शन कंट्रोलर और ट्रैक्शन लोको कंट्रोलर को लिखित शिकायत दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मुरी स्टेशन से ट्रेन चलाने वाले दूसरे लोको पायलट ने भी ब्रेक में खराबी की सूचना दी। अंततः उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में स्थित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) स्टेशन पर जांच के दौरान पता चला कि सभी डिब्बों के ब्रेकिंग सिस्टम अलग कर दिए गए थे। इसके कारण ट्रेन केवल इंजन के ब्रेक और रीजेनरेटिव ब्रेकिंग के सहारे करीब 463 किलोमीटर चली।
दक्षिण पूर्व रेलवे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रांची के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) को विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। 7 नवंबर को जारी आदेश में कोच एवं वैगन रखरखाव कर्मचारियों, सेक्शन और ट्रैक्शन कंट्रोलरों तथा ट्रेन संचालन से जुड़े कर्मचारियों की लापरवाही की जांच करने को कहा गया है। प्रारंभिक जांच में भी कई स्तरों पर चूक सामने आई है। रेलवे ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुधारात्मक और निवारक कदम उठाने की जरूरत बताई है।


