एयरपोर्ट निर्माण अगले साल शुरू होने की उम्मीद, स्टेशन पर 200 करोड़ रुपये से बनेंगे 4 नए प्लेटफॉर्म

जमशेदपुर : जमशेदपुर के सांसद विद्युतवरण महतो ने संकेत दिया है कि धालभूमगढ़ एयरपोर्ट का निर्माण अगले साल जमीन पर शुरू हो सकता है. भारतीय मानक ब्यूरो के एक कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि वन विभाग की आपत्तियों के जवाब भेज दिए गए हैं. केंद्र के वन एवं पर्यावरण विभाग में नए अधिकारियों की नियुक्ति हुई है. दुर्गापूजा के बाद वह केंद्रीय वन मंत्री और अधिकारियों से मिलकर आपत्तियों का जल्द समाधान कराने की कोशिश करेंगे. सांसद के मुताबिक, एयरपोर्ट के आसपास जिन किसानों की रैयती जमीन है, वे भी जमीन देने को तैयार हैं.

सांसद ने बताया कि टाटानगर रेलवे स्टेशन पर चार नए प्लेटफॉर्म के लिए 200 करोड़ रुपये आवंटित हो चुके हैं. पुराना स्टेशन भवन टूटने के बाद प्लेटफॉर्म का काम तेजी से आगे बढ़ेगा. वंदे भारत कोचिंग डिपो का शिलान्यास भी जल्द होगा.
गोविंदपुर और बारीगोड़ा में रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का काम छठ के बाद शुरू होगा. दोनों के लिए निर्माण एजेंसी चुनी जा चुकी है. वहीं, हावड़ा-जयपुर एक्सप्रेस का रैक टाटानगर पहुंच चुका है और जल्द इसका परिचालन शुरू होने की उम्मीद है.


